छह माह पुराने लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण करें : एडीजी
जौनपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने सोमवार को पुलिस कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने जन सुनवाई के साथ अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने छह माह पुराने सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान एडीजी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि पुलिस अधीक्षक स्तर पर मामलों का निस्तारण ठीक हो रहा है, लेकिन अधीनस्थ स्तर पर कुछ मामलों में अपेक्षित प्रगति नहीं है। एसआई स्तर पर लंबित पत्रावलियों में तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।
उन्होंने महिलाओं से संबंधित आर्थिक शोषण के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कर आवश्यक कार्रवाई के लिए आगे भेजने के निर्देश दिए। पुराने लूट, डकैती और हत्या के मामलों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र खुलासे के लिए दिशा-निर्देश दिए। हिस्ट्रीशीटरों की आपराधिक गतिविधियों की समीक्षा कर उनकी लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
जमीन से जुड़े मामलों पर एडीजी ने कहा कि इनमें अक्सर दोनों पक्ष आमने-सामने होते हैं। पुलिस का काम सही व्यक्ति के साथ न्याय करना है। सभी को संतुष्ट करना संभव नहीं है और किसी को संतुष्ट करने के लिए गलत कार्रवाई नहीं की जा सकती। गैंग बनाकर घटनाओं को अंजाम देने वालों तथा गैंग तैयार करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए। राजस्व से जुड़े मामलों के संबंध में उन्होंने पुलिस और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने संयुक्त टीम बनाकर ऐसे मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने की बात कही।
यातायात व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि शहर में जाम से निपटना केवल ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। सिविल पुलिस भी अपने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था के लिए जिम्मेदार है। ट्रैफिक पुलिस सहयोग के लिए है और उसकी संख्या हर स्थान पर तैनाती के लिए पर्याप्त नहीं है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय में कार्यभार की तुलना में अधिक कर्मचारियों की तैनाती पर भी टिप्पणी की। उन्होंने मानव संसाधन के बेहतर उपयोग, अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव और कार्यालय कार्यों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव