कजरी महोत्सव में लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हुई पीतलनगरी

 




- सेवा संकल्प अभियान एवं विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पंचायत भवन मुरादाबाद में हुआ भव्य लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम

मुरादाबाद, 27 सितम्बर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान एवं विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को पंचायत भवन, मुरादाबाद में संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश, जिला प्रशासन तथा वृंदावन शोध संस्थान, वृंदावन के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कजरी महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकगीत एवं लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भारतीय लोक संस्कृति और संगीत की समृद्ध परंपरा से रूबरू कराया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद डॉ. जयपाल सिंह ‘व्यस्त’, महापौर विनोद अग्रवाल, लखनऊ से पधारीं लोकगायिका संजोली पांडेय तथा मथुरा की सुप्रसिद्ध लोकगायिका माधुरी शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में वृंदावन शोध संस्थान, मथुरा के प्रशासनिक अधिकारी श्री रजत शुक्ला ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। पर्यटन अधिकारी प्रदीप टम्टा ने अतिथियों का परिचय कराते हुए विश्व पर्यटन दिवस-2026 की थीम की जानकारी दी तथा मुरादाबाद के प्रमुख पर्यटन स्थलों एवं उनकी विशेषताओं से दर्शकों को अवगत कराया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शुभारंभ नमिता अग्रवाल के कजरी गायन से हुआ। इसके पश्चात प्रतिमा वर्मा, निधि एवं रुचि की टीम ने कजरी गायन एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। डॉ. दिव्या दत्त के कजरी गायन ने कार्यक्रम में लोक संगीत की मधुर छटा बिखेरी।

इसके बाद आमंत्रित कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। लखनऊ से पधारीं लोकगायिका सुश्री संजोली पांडेय ने रामभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। वहीं मथुरा से पधारीं सुप्रसिद्ध लोकगायिका श्रीमती माधुरी शर्मा ने ब्रज के रसिया एवं लोकगीतों की प्रस्तुति से ब्रज संस्कृति और वृंदावन की मनोहारी छटा प्रस्तुत की। मल्हार एवं कजरी की प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध किए रखा।

सुविख्यात नाट्यकर्मी डॉ. पंकज ‘दर्पण’ ने कार्यक्रम का संगीतमय संचालन करते हुए अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उपस्थित दर्शकों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया और लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के इस प्रयास की सराहना की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. जयपाल सिंह ‘व्यस्त’ एवं महापौर विनोद अग्रवाल ने सभी कलाकारों को अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल