स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार का सहयोग करेगा आईएमए : डा.शरद अग्रवाल
लखनऊ, 23 अगस्त (हि.स.)। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की तीसरी स्टेट वर्किंग कमेटी की बैठक रविवार को आमोध रिसार्ट लखनऊ में आयोजित की गयी। बैठक में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए आईएमए के प्रदेश पदाधिकारियों, स्टेट वर्किंग कमेटी के सदस्यों, विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ चिकित्सकों ने भाग लिया। बैठक के दौरान चिकित्सकों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, संगठन की गतिविधियों, स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों की सुरक्षा एवं पेशेवर हितों सहित अनेक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र में आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. शरद कुमार अग्रवाल ने संगठन की गतिविधियों और चिकित्सा जगत से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने आईएमए की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने, चिकित्सकों तथा समाज के बीच विश्वास को मजबूत करने और सरकार के साथ सकारात्मक संवाद के माध्यम से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषयों के समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
डा. शरद कुमार अग्रवाल ने आईएमए प्रतिनिधिमण्डल से मुख्यमंत्री योगी की मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि आईएमए ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार के साथ निरंतर रचनात्मक सहयोग एवं संवाद बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव गोयल ने बताया कि आईएमए ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों और समस्याओं को सरकार के समक्ष रखा गया तथा उन पर सकारात्मक चर्चा हुई। आईएमए पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार और चिकित्सा समुदाय के बीच संवाद लगातार मजबूत हुआ है। चिकित्सकों से संबंधित समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने पर मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें गंभीरता से सुना जाता है तथा उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल की जाती है।
डॉ. मनोज कुमार अस्थाना ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान तेजी से बदल रहा है और ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सकों को नवीनतम चिकित्सा ज्ञान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन