मोरंग के अवैध भंडारण को लेकर प्रशासन ने कसा शिकंजा

 


एसडीएम ने कार्रवाई के लिए खनन विभाग को दी सूचना

हमीरपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र के ग्राम चँडौत के समीप से निकली बेतवा नदी से खनन माफियाओं ने अवैध मोरंग खनन कर उसका अवैध तरीके से भंडारण कर लिया। जिसकी सूचना मिलने पर शनिवार को सरीला एसडीएम ने नायब तहसीलदार को मौके पर भेज अग्रिम कार्रवाई हेतु खनन विभाग को सूचना दी है।

बताते चलें कि बरसात के मौसम में शासन द्वारा जारी मौरम खनन के पट्टों से मोरंग निकालने पर रोक लगा दी जाती है। जिसके मद्देनजर सभी वैध पट्टे बंद हो जाते हैं। इसका लाभ उठाकर मोरम माफिया अवैध तरीके से मौरम का भंडारण कर उनका धीरे-धीरे क्रय कर भारी मुनाफा कमाते हैं। जिसकी बानगी अभी कुछ दिन पहले ही सरीला तहसील के ही रिरुआ गांव में एसडीएम ने छापेमारी कर माेरंग के अवैध भंडारण को सीज कर दिया था। सरीला एसडीएम विजय कुमार यादव ने शनिवार को बताया कि उन्हें सूचना मिली कि माेरंग माफिया चंडौत गांव के समीप से निकली बेतवा नदी से अवैध मौरम का खनन कर इसका भंडारण कर उसे फुटकर बैंच रहे है। जिस पर उन्होंने तत्काल नायब तहसीलदार अखिलेश कुमार को मौके पर भेज अवैध भंडारण की जांच पड़ताल कराई और भंडारण अवैध पाए जाने पर उसके कार्रवाई हेतु खनन विभाग को सूचना दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त अवैध भंडारण चंडौत पुलिस चौकी में तैनात एक सिपाही की सह पर होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा