अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई : अमित कुमार घोष
संभल में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक सील
लखनऊ, 03 अप्रैल (हि.स.)। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष ने जनपद संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव सौंधन करनपुर कायस्थ में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक में तीन वर्षीय बालक की मौत की घटना का संज्ञान लिया है।
अपर मुख्य सचिव द्वारा संबंधित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को अवैध क्लीनिक के संबंध में तत्काल अपनी आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। सीएमओ द्वारा प्रेषित रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि निरीक्षण के दौरान क्लीनिक बंद पाया गया। आस-पास के लोगों ने बताया कि क्लीनिक संचालक अनिकेत पुत्र पप्पू सिंह द्वारा बिना किसी बोर्ड या वैध अनुमति के क्लीनिक संचालित किया जाता था। इसी क्लीनिक में इंजेक्शन लगाने के दौरान बच्चे की मौत हो गई। घटना की रात्रि से क्लीनिक संचालक फरार है।
मकान मालिक की उपस्थिति में क्लीनिक की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की गई है। क्लीनिक को सील कर न्यायालय में परिवाद दायर करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
अपर मुख्य सचिव ने प्रदेश के समस्त मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समस्त जनपदों में अभियान चलाकर ऐसे अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई नियमानुसार सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। भविष्य में किसी भी जनपद में अनाधिकृत रूप से संचालित क्लीनिक की शिकायत मिलने पर संबंधित मुख्य चिकित्सा अधिकारियों का दायित्व निर्धारण कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन