25 ओवरहेड टैंकों की मजबूती परखेगी आईआईटी की टीम
मुरादाबाद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद शहर की पेयजल व्यवस्था को संभाल रहीं 25 ओवरहेड टंकियों की मजबूती अब तकनीकी जांच के दायरे में आएगी। वर्षों से लोगों के घरों तक पानी पहुंचा रहीं इन टंकियों की संरचनात्मक स्थिति का पता लगाने के लिए नगर निगम ने विशेषज्ञ संस्थानों से संपर्क किया है। आईआईटी कानपुर और आईआईटी रुड़की से जांच कराने के संबंध में पत्राचार किया गया है। अब दोनों संस्थानों से मिलने वाले प्रस्ताव के आधार पर तकनीकी परीक्षण कराने का निर्णय लिया जाएगा।
मुरादाबाद जनपद की कई टंकियां इस अवधि के करीब पहुंच रही हैं। शहर में गांगन तिराहा, ट्रांसपोर्टनगर, हरथला, जामा मस्जिद, सोनकपुर प्रधानमंत्री आवास योजना, लाजपतनगर, टाउनहॉल, हिमगिरी कॉलोनी और लाइनपार के पुतलीघर समेत कई क्षेत्रों में ओवरहेड टंकियां बनी हुई हैं।
जलकल के महाप्रबंधक राम कैलाश ने बताया कि शहर की 25 ओवरहेड टंकियों की मजबूती की जांच कराने की तैयारी है। इसके लिए आईआईटी कानपुर और आईआईटी रुड़की से संपर्क किया गया है। दोनों संस्थानों से बातचीत के बाद कम खर्च में तकनीकी जांच करने वाले संस्थान से परीक्षण कराया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल