आईआईटी कानपुर में 9 से 11 अक्टूबर तक होगा उद्घोष का 22वां संस्करण
कानपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में नौ से 11 अक्टूबर तक उद्घोष’26 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय महोत्सव में देशभर के विभिन्न संस्थानों से खिलाड़ी शामिल होंगे। 20 खेलों और ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं के साथ लंबे अंतराल के बाद एक्वेटिक्स की भी वापसी होगी।
उद्घोष’26 की थीम “जादुई उन्नति” रखी गई है, जो एक खिलाड़ी की चुनौतीपूर्ण शुरुआत से विजेता बनने तक की यात्रा को दर्शाती है। महोत्सव में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, शतरंज, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, खो-खो, कबड्डी लॉन टेनिस, स्क्वैश, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, अल्टीमेट फ्रिस्बी, वॉलीबॉल, पावरलिफ्टिंग, भारोत्तोलन और तैराकी समेत विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इलेक्ट्रॉनिक खेल और मिस्टर उद्घोष भी आयोजन का हिस्सा होंगे।
मीडिया प्रभारी सलोनी नागरकुट्टी ने बुधवार को बताया कि उद्घोष के जरिए खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा के साथ अपनी प्रतिभा और खेल भावना प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा। इस वर्ष खेल प्रतियोगिताओं के साथ सामाजिक सहभागिता और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों को भी व्यापक रूप दिया गया है।
मुख्य आयोजन से पहले कई गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें खेल पत्रकार रिधिमा पाठक के साथ सीधे संवाद, ग्रैंडमास्टर आकाश गणेशन के साथ ऑनलाइन सत्र, करीब 1,200 पौधों का रोपण और रक्तदान शिविर शामिल रहे। 15 अगस्त और दो अक्टूबर को आयोजित रक्तदान शिविरों में 400 से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
राष्ट्रीय विद्यालय प्रश्नोत्तरी में देशभर के स्कूली विद्यार्थियों से 2,220 से अधिक पंजीकरण मिले। 29 अगस्त को आयोजित मैराथन में 250 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए। 26 और 27 सितंबर को आयोजित उड़ान-2026 में 130 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया। चार अक्टूबर को आयोजित साइकिल यात्रा में 750 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
महोत्सव में खुले रंगमंच पर फ्रीस्टाइल फुटबॉल प्रदर्शन के साथ स्वागत समारोह, मुखौटा पार्टी और परिचय गतिविधि जैसी गतिविधियां होंगी। हास्य संध्या, बैंड प्रस्तुतियां, विजय उत्सव और बॉलीवुड नाइट भी आयोजित की जाएंगी। तीन दिवसीय आयोजन का समापन समारोह के साथ होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप