विमान के केबिन का शोर कम करने पर शोध शुरू करेंगे : अभय करंदीकर
कानपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। इंजन के कंपन से विमान के केबिन में होने वाले शोर को कम करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर और वैश्विक इंजीनियरिंग कंपनी रोल्स-रॉयस ने संयुक्त शोध शुरू किया है। छह महीने की इस परियोजना में इंजन के कंपन, उससे पैदा होने वाले शोर और यात्रियों के आराम पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन कर समाधान तलाशे जाएंगे। यह बातें बुधवार को आईआईटी कानपुर में परियोजना के शुभारंभ अवसर पर नीति आयोग के सदस्य प्रो. अभय करंदीकर ने कहीं।
परियोजना में विमान के ढांचे का एक मॉडल तैयार किया जाएगा, जिससे उड़ान के दौरान पैदा होने वाली परिस्थितियों का अध्ययन किया जा सके। इसमें कंपन उत्पन्न करने वाली मशीन और आवाज व कंपन मापने वाले सेंसर लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से यह पता लगाया जाएगा कि इंजन के कंपन विमान के ढांचे में किस तरह फैलते हैं और केबिन में शोर का कारण बनते हैं। शोध में गणितीय पद्धतियों के साथ प्रयोगात्मक परीक्षण भी किए जाएंगे। परियोजना का पहला चरण शुरू हो चुका है, जबकि परिणामों के आधार पर आगे के चरण भी शुरू किए जा सकते हैं।
आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा कि इंजन के कंपन से होने वाला शोर यात्रियों के आराम को प्रभावित करता है। इस शोध से कंपन के फैलाव और शोर कम करने के उपायों को समझने में मदद मिलेगी। संस्थान में विकसित विशेष परीक्षण व्यवस्था से दोनों टीमें भरोसेमंद परिणाम प्राप्त करने का प्रयास करेंगी। इससे शोध क्षमताओं को उद्योग की जरूरतों से जोड़ने और नई तकनीकों को व्यावहारिक रूप देने के अवसर मिलेंगे।
रोल्स-रॉयस इंडिया के कार्यकारी उपाध्यक्ष शशि मुकुंदन ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के साथ साझेदारी से शोध, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा मिलता है। आईआईटी कानपुर के साथ यह सहयोग भारत में उन्नत इंजीनियरिंग, शोध और विनिर्माण की क्षमताओं को मजबूत करेगा। इसके जरिए विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और ज्ञान साझा करने की पहल के माध्यम से वास्तविक औद्योगिक चुनौतियों पर काम करने का अनुभव भी मिलेगा।
दोनों संस्थानों के बीच इसी वर्ष हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत शोध, संयुक्त परियोजनाओं, इंटर्नशिप और तकनीकी जानकारी के आदान-प्रदान पर सहमति बनी थी। भारत में रोल्स-रॉयस और किसी शैक्षणिक संस्थान के बीच यह पहली साझेदारी है। आईआईटी कानपुर के इंटरफेस ऑफिस फॉर टेक्नोलॉजी एप्लीकेशंस (आईओटीए) ने दोनों संस्थानों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाई।
शुभारंभ कार्यक्रम में रोल्स-रॉयस के एसोसिएट फेलो डॉ. एंडी रिक्स, प्रोग्राम मैनेजर राघवेंद्र सरूर सहित दोनों संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रो. बिशाख भट्टाचार्य ने एसएमएसएस परियोजनाओं से जुड़ी संस्थान की योजनाओं और क्षमताओं पर प्रस्तुति दी। इसके बाद एसएमएसएस प्रयोगशाला का दौरा हुआ। टेक्नोपार्क ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. बिशाख भट्टाचार्य, प्रो. राजा अंगमुथु, डॉ. एंडी रिक्स, राघवेंद्र सरूर और श्रिया आनंद ने विचार रखे। इस दौरान खरीद आदेश का हस्तांतरण और परीक्षण व्यवस्था का उद्घाटन भी किया गया।
--------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप