आईआईटी कानपुर में शुरू हुआ एडवांस्ड डेटा साइंस और मशीन लर्निंग सर्टिफिकेट कोर्स
कानपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर ने एडवांस्ड डेटा साइंस एंड मशीन लर्निंग फॉर बिजनेस एनालिटिक्स नाम से छह माह का ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया है। आईआईटी कानपुर के प्रबंधन विज्ञान विभाग के संकाय सदस्य एवं कार्यक्रम समन्वयक प्राेफेसर अभिनव त्रिपाठी ने कहा कि आज के बदलते पेशेवर माहौल में एआई और मशीन लर्निंग की समझ बेहद जरूरी हो गई है। यह कार्यक्रम प्रतिभागियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक ज्ञान देकर वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करेगा।
प्राेफेसर त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्यक्रम तीन अक्टूबर से शुरू होगा। इसका उद्देश्य कार्यरत पेशेवरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और बिजनेस एनालिटिक्स के क्षेत्र में उद्योग की मांग के अनुरूप कौशल प्रदान करना है। कार्यक्रम में आईआईटी और आईआईएम के विशेषज्ञों द्वारा पायथन, आर प्रोग्रामिंग, डेटा एनालिटिक्स, डेटा विजुअलाइजेशन, मशीन लर्निंग और जनरेटिव एआई का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभागियों को वास्तविक व्यावसायिक समस्याओं के समाधान, कार्यों के स्वचालन और डेटा आधारित निर्णय लेने की तकनीकों का अनुभव भी मिलेगा।
यह कोर्स किसी भी विषय में स्नातक डिग्री प्राप्त अभ्यर्थियों के लिए है। न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक अनिवार्य है, जबकि संबंधित क्षेत्र में तीन वर्ष या उससे अधिक का कार्य अनुभव रखने वाले उम्मीदवार 40 प्रतिशत अंकों के साथ भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन सितंबर महीने के मध्य तक किए जा सकेंगे। कार्यक्रम से जुड़ी विस्तृत जानकारी आईआईटी कानपुर के ऑनलाइन कार्यक्रम पोर्टल पर उपलब्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप