आईजीआरएस रैंकिंग में बांदा काे मिला प्रदेश में चौथा स्थान

 


सितंबर के छठे स्थान से अक्टूबर में दो पायदान का सुधार, लगातार दूसरे माह उत्कृष्ट प्रदर्शन

बांदा, 03 नवंबर (हि.स.)। जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण में उत्तर प्रदेश में बांदा जिले ने प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है। शासन की ओर से जारी अक्टूबर 2026 की आईजीआरएस रैंकिंग में बांदा ने प्रदेश के 75 जिलों में चौथा स्थान हासिल किया है। सितंबर में जिला छठें स्थान पर था। इस तरह एक माह में दो पायदान का सुधार करते हुए बांदा ने लगातार दूसरे महीने अपनी बेहतर स्थिति बनाए रखी। यह उपलब्धि जिलाधिकारी अमित आसेरी के नेतृत्व, नियमित समीक्षा और शिकायतों के प्रभावी अनुश्रवण का परिणाम मानी जा रही है।

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान किया जाए।

उन्होंने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और असंतोषजनक फीडबैक के कारणों की समीक्षा करने पर विशेष जोर दिया। कम संतुष्टि वाले विभागों के अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश भी दिए गए।

अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) माया शंकर यादव ने विभागवार लंबित शिकायतों, निस्तारण की गुणवत्ता और शिकायतकर्ताओं के फीडबैक की नियमित निगरानी की। वहीं, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पोर्टल संचालन का तकनीकी प्रशिक्षण देने के साथ डेटा विश्लेषण, कम प्रदर्शन वाले विभागों की पहचान और तकनीकी समस्याओं के समाधान में सहयोग किया।

जिलाधिकारी अमित आसेरी ने मंगलवार को इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनशिकायतों का पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने आगामी महीनों में और बेहतर प्रदर्शन करने तथा शिकायतों के दोबारा आने की स्थिति रोकने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह