अगस्त माह की आईजीआरएस रैंकिंग में बागपत काे मिला प्रदेश में प्रथम स्थान
बागपत, 01 सितंबर (हि.स.)। जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण के क्षेत्र में बागपत पुलिस को पहला स्थान मिला है। अगस्त माह की आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवेंस रिड्रेसल सिस्टम) रैंकिंग में बागपत पुलिस को साै अंक हासिल हुए थे। इस उपलब्धि को संवेदनशील पुलिसिंग और प्रभावी कार्यप्रणाली का परिणाम माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि जनसुनवाई से लेकर शिकायतों के समाधान तक हर स्तर पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। यही कारण रहा कि रैंकिंग के सभी 10 मानकों पर बागपत पुलिस ने प्रदेश में 100 प्रतिशत अंक हासिल किए। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से आम नागरिक अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और शिकायतों के निस्तारण में तेजी आई है। हर शिकायत की सतर्क जांच, प्रभावी अनुश्रवण और शिकायतकर्ता से लगातार संवाद को प्राथमिकता दी गई।
एसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल शिकायतों का निस्तारण नहीं, बल्कि जनता का विश्वास मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि आगे भी जनसुनवाई को और प्रभावी बनाकर नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी