उप्र के चर्चित आईएएस रिंकू राही ने अपना इस्तीफा वापस लिया

 


लखनऊ, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश काॅडर के 2023 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपना त्यागपत्र वापस ले लिया है। इस मामले में उन्होंने राज्य सरकार को लिखित आवेदन किया है। उन्हाेंने इसी साल 26 मार्च को राष्ट्रपति को इस्तीफा भेजा था।

दरअसल रिंकू सिंह 24 जुलाई 2025 में उस वक्त चर्चा में आ गए थे जब एसडीएम पुवाया रहते हुए उन्होंने एक वकील के मुंशी को दीवार के पास टॉयलेट करने के दौरान रोक दिया था। उन्होने जब मुंशी से यहा पर टॉयलेट करने का कारण पूछा तो पता चला कि परिसर में बना शौचालय इतना गंदा है कि वहां जाने में भी हिम्मत नहीं हो पाती है। इस दौरान एसडीएम की मुंशी से तीखी नोक झोंक हुई थी। मामला बढ़ा तो वकीलों के दबाव में आकर एसडीएम ने उठक बैठक की थी। इसके बाद ही सरकार ने उन्हें राजस्व परिषद से संबद्ध कर दिया था। इस बात से वह काफी आहत थे और 26 मार्च को उन्होंने राष्ट्रपति को तकनीकी इस्तीफा भेजा था। अब रिंकू सिंह राही ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। अब इस मुद्दे पर उच्च स्तरीय फैसला लिया जाना है। हालांकि इसके बारे में आधिकारिक रूप से कोई भी कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक