नई हुंडई बेयॉन आधुनिक तकनीक और सुरक्षा सुविधाओं से लैस

 




कानपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। नई गाड़ियों में आधुनिक तकनीक के साथ सुरक्षा और आराम का ध्यान रखना जरूरी है। हुंडई की नई बेयॉन में इन सुविधाओं का समावेश ग्राहकों के लिए उपयोगी साबित होगा। यह बातें मंगलवार को अफीम कोठी स्थित तिरुपति हुंडई शोरूम में नई गाड़ी का शुभारंभ करने के दौरान कल्याणपुर विधानसभा भाजपा विधायक नीलिमा कटियार ने कहीं।

तिरुपति हुंडई शोरूम में विधायक नीलिमा कटियार ने फीता काटकर नई हुंडई बेयॉन का अनावरण किया। कंपनी ने इस गाड़ी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 9.99 लाख रुपये रखी है। पेट्रोल इंजन वाली इस एसयूवी में मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के विकल्प दिए गए हैं। इसे हुंडई की वेन्यू और क्रेटा के बीच के श्रेणीगत बाजार में पेश किया गया है।

नई बेयॉन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित वॉयस असिस्टेंट दिया गया है, जिसे परप्लेक्सिटी और साउंडहाउंड एआई की तकनीक से तैयार किया गया है। कंपनी के अनुसार, गाड़ी में 500 से अधिक आवाज आधारित कमांड और 70 से ज्यादा ब्लूलिंक कनेक्टेड कार सुविधाएं हैं। इसमें बिना तार के सॉफ्टवेयर अपडेट करने की सुविधा भी दी गई है।

सुरक्षा के लिए एसयूवी में छह एयरबैग, चारों पहियों में डिस्क ब्रेक और लेवल-2 प्रो एडीएएस तकनीक दी गई है। केबिन में 12.3 इंच का पैनोरमिक डिस्प्ले और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है। गाड़ी के बाहरी हिस्से में 17 इंच के डायमंड-कट अलॉय व्हील, एच आकार की एलईडी डीआरएल और दोहरी एलईडी प्रोजेक्टर हेडलाइट्स दी गई हैं। आगे की सीटों में वेंटिलेशन और 205 मिलीमीटर का ग्राउंड क्लीयरेंस भी इसकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है।

कंपनी ने जनवरी 2027 में इसका सीएनजी संस्करण पेश करने की योजना बताई है। इससे ग्राहकों को भविष्य में पेट्रोल के अलावा सीएनजी का विकल्प भी मिल सकेगा।

कार्यक्रम में तिरुपति हुंडई के प्रबंध निदेशक विनीत चंद्रा, निदेशक विकुंठ चंद्रा, निदेशक ललिता चंद्रा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र तिवारी, सेल्स मैनेजर जितेन्द्र कुशवाहा और वर्कशॉप मैनेजर विवेक गुप्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप