पत्नी वियोग में पति ने लगाई फांसी, माैत
हमीरपुर, 27 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के पचखुरा बुजुर्ग में पिछले एक वर्ष से पत्नी के मायके से नहीं आने से क्षुब्ध युवक ने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
पचखुरा बुजुर्ग निवासी मानवेंद्र प्रजापति (35) ने सूना घर पाकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर मोर्चरी पहुंचाया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द किया गया। परिजनों ने गांव में शाम को शव का अंतिम संस्कार किया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। इसकी पत्नी एक वर्ष से अपने मायके उमरी थाना बिवांर में अपनी मां के पास बच्चों के साथ रहती है। पत्नी के ससुराल से नहीं आने से वह क्षुब्ध रहता था। उसी के चलते यह शराब का लती हो गया था और मेहनत मजदूरी का सारा पैसा शराब में बर्बाद कर देता था। मृतक अपने पीछे पत्नी कल्पना, पुत्र पुनीत एवं रूद्र को रोता बिलखता छोड़ गया है। थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने आज शाम बताया कि युवक ने फांसी लगाकर जान दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के साथ ही मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा