कानपुर देहात: बारिश के चलते गिरा कच्चा घर, मलबे में दबकर मां और -बेटी की मौत
कानपुर देहात, 27 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में मैथा तहसील अंतर्गत नवल गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बारिश के दौरान कच्चा मकान अचानक ढह गया। मलबे में दबकर घर के भीतर सो रही 75 वर्षीय शांति देवी और उनकी 28 वर्षीय बेटी शालू की मौत हो गई।
शिवली कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मृतका शालू पेशे से वकील (अधिवक्ता) थीं।आसपड़ाेस के लाेगाें का कहना है कि देर रात काे मकान गिरने की तेज आवाज सुनते ही वे सभी शालू के घर की ओर भागे।पुलिस काे सूचित करते हुए राहत बचाव शुरू कर दिया। माैके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय निवासियों के साथ मलबे के नीचे दबे मां-बेटी काे बाहर निकाला, तब तक दाेनाें की मृत्यु हो चुकी थी।
परिजनाें ने बताया कि शालू अपनी मां के साथ पुस्तैनी कच्चे मकान में रह रही थीं। उनके दो भाई अलग मकानों में निवास करते हैं। मृतका के भाई राजेश ने आरोप लगाया कि जर्जर मकान को लेकर पूर्व में कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। घटना के समय राजेश रायबरेली में थे। घटनाक्रम के बीच यह बात भी सामने आई है कि शालू ने पिता के निधन से पूर्व जमीन की वसीयत अपने नाम कराई थी। हालांकि, पुलिस प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि मकान ढहने की इस दुर्घटना का जमीन की वसीयत से कोई संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी