बारिश से मकान ढहा, परिवार बचा लेकिन लाखों का नुकसान

 


हमीरपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे सहित क्षेत्र में पिछले तीन-चार दिनों से हो रही लगातार बारिश के चलते कच्चे मकानों के ढहने का सिलसिला जारी है। बुधवार को हुई तेज बारिश के दौरान मोहल्ला बाघू दीवान शहीद बाबा निवासी किसान हबीबुर्रहमान पुत्र मोहम्मद सुलेमान का मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में गृहस्वामी बाल-बाल बच गया, हालांकि उसके पैर में चोट आई है।

हबीबुर्रहमान ने बताया कि सुबह वह अपने मकान में मौजूद था। लगातार बारिश के कारण मकान के चारों तरफ पानी भर रहा था। स्थिति को भांपकर जैसे ही वह बाहर निकलकर देखने लगा, तभी अचानक मकान भरभराकर ढह गया। इससे वह मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। हादसे में उसके पैर में चोट आई है। मकान गिरने के बाद उसका मलबा सड़क पर फैल गया, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ। पीड़ित के अनुसार मकान गिरने से उसमे रखा लाखों की गृहस्थी का सामना क्षतिग्रस्त हो गया है। लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में कच्चे मकानों पर खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बारिश से प्रभावित परिवारों का सर्वे कराकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। एसडीएम करण वीर सिंह ने बताया कि लेखपाल को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा