खिलाड़ियों के आतिथ्य-सत्कार से बढ़ेगी पूर्वांचल विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा : कुलपति

 


जौनपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में 18 से 21 नवंबर तक पूर्वी क्षेत्र अंतरविश्वविद्यालयीय कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन होगा। विश्वविद्यालय के मेजर ध्यानचंद इनडोर स्टेडियम में होने वाली इस प्रतियोगिता में 14 प्रदेशों के 60 से अधिक विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा लेंगी। इसमें करीब 800 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कुलपति सभागार में आयोजित बैठक में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के स्वागत से लेकर उनके ठहरने, भोजन, खेल और विदाई तक हर व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। खिलाड़ियों के आतिथ्य-सत्कार में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।

कुलपति ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और आत्मीय वातावरण उपलब्ध कराने से विश्वविद्यालय की सकारात्मक छवि बनेगी। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ी अपने साथ विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं और आतिथ्य का अनुभव लेकर जाएंगे, जिससे 14 प्रदेशों में विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा बढ़ेगी। उन्होंने सभी समितियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

खेलकूद परिषद के सचिव प्रो. शेखर सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों के पंजीकरण, आवास, भोजन, परिवहन, चिकित्सा और खेल स्थल की व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियां जिम्मेदारी संभाल रही हैं। कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने भी प्रशासनिक व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं रहने देने का आश्वासन दिया।

छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने खिलाड़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की बात कही।

बैठक में वित्त अधिकारी विनोद कुमार, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. प्रदीप कुमार सहित विभिन्न समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव