स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, रुपईडीहा में सील हुए कई अस्पताल और पैथोलॉजी
बहराइच, 25 मई (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को अवैध और नियमों को ताक पर रखकर चल रहे चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। बहराइच के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने रुपईडीहा इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए कई नामी क्लीनिकों, अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब को सील कर दिया।
इंडो-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र रुपईडीहा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नियमों की अनदेखी और बिना रजिस्ट्रेशन के धड़ल्ले से चल रहे क्लीनिकों पर प्रशासन का चाबुक चला। स्वास्थ्य विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में एक-दो नहीं, बल्कि कई बड़े संस्थानों पर प्रशासनिक ताला जड़ दिया गया।
प्रशासन ने सबसे बड़ी कार्रवाई लाइफ केयर हॉस्पिटल पर की, जिसे मौके पर ही सील कर दिया गया। इसके साथ ही केयर पैथोलॉजी को भी सीलिंग की जद में लिया गया। जांच में इन संस्थानों के पास न तो जरूरी डॉक्टर्स थे और न ही मानकों के मुताबिक दस्तावेज थे।
कार्रवाई का सिलसिला यहीं नहीं रुका। रुपईडीहा के राय क्लीनिक, जे जे क्लीनिक और मर्सी पॉली क्लीनिक को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरी तरह सील कर दिया है। इन क्लीनिकों में मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था।
वहीं, नियमों के उल्लंघन के आरोप में बहराइच पैथोलॉजी, रुपईडीहा को भी नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि जिले में किसी भी तरह का अवैध चिकित्सा कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मरीजों की जान से खेलने वाले झोलाछाप डॉक्टरों और फर्जी क्लीनिकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA