गर्भवती की मौत पर प्रशासन सख्त, नवजीवन क्लिनिक हुआ सील
सीतापुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। सिधौली क्षेत्र में गर्भवती महिला की मौत के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार शाम को विसवां मार्ग स्थित नवजीवन क्लिनिक को सील कर दिया। इससे पहले इस मामले में मिश्रिख मार्ग स्थित किंग अस्पताल पर भी कार्रवाई करते हुए उसे सील किया जा चुका है और दो डॉक्टरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
अटरिया निवासी विवेक शुक्ला की गर्भवती पत्नी मानसी की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पीड़ित पति ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी का गर्भपात किंग अस्पताल में कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उसे नवजीवन क्लिनिक में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उसे लखनऊ ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राखी वर्मा के नेतृत्व में पहले किंग अस्पताल पर कार्रवाई की गई थी। बुधवार को जिला स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने नवजीवन क्लिनिक को भी सील कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद सिधौली क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ हड़कंप मच गया है। एसडीएम राखी वर्मा ने बताया कि लापरवाही और अवैध चिकित्सा संचालन पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma