भीषण अग्निकांड में एक दर्जन मकान जलकर स्वाहा, पीड़ितों ने कहा जल्द मिले मुआवजा
बहराइच, 04 जून (हि.स.)। महसी तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत चुरईपुरवा मंगलपुरवा में गुरुवार को भीषण आग लग गई। आग लगने से एक दर्जन ग्रामीणों के मकान जलकर राख हो गए। अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया,जिसके कारण घरों में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल कदीर खान मौके पर पहुँचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से भेंटकर घटनास्थल का मुआयना किया। लेखपाल ने बताया कि इस अग्निकांड में एक दर्जन ग्रामीणों की आवासीय झोपड़ियां जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई है।
प्राथमिक आकलन के अनुसार आग की चपेट में आने से ग्रामीणों का करीब छह लाख रुपये का गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद के लिए शासन को विस्तृत रिपोर्ट भेजी जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस भीषण अग्निकांड में असलम, अकरम, हनीफ, कृपा, दिनेश, राजू, सीताराम, बिन्दवा, शाहरुख, इकबाल और शायरा का घर जलकर राख हो गया है।
पीड़ित ग्रामीणों ने शासन से जल्द मुआवजा देने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA