शिक्षामित्रों के सम्मान समारोह में कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा, बांटा गया बढ़ा हुआ मानदेय

 






जौनपुर,05 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर के कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षामित्र सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, मछलीशहर के जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, नवागत जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर लखनऊ से आयोजित मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया तथा उनके उद्बोधन को सुना गया। बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। साथ ही, विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अतिथियों ने अवलोकन कर योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी ली।राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए शिक्षामित्रों को मानदेय वृद्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्रों की लंबे समय से चली आ रही मांग को शासन ने स्वीकार किया है। साथ ही उन्हें कैशलेस चिकित्सा सुविधा से भी जोड़ा जा रहा है, जो उनके हित में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।नवागत जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शिक्षामित्रों को शुभकामनाएं दीं, जबकि मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इससे पहले कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव