खीरी में उत्साह के साथ मना अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस

 








लखीमपुर खीरी, 01 मई (हि.स.)। शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस श्रमवीर गौरव समारोह के रूप में अत्यंत गरिमामय और भव्य तरीके से मनाया गया। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और श्रम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने विकास की धुरी 'श्रमिकों' के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। मुख्य आयोजन बलरामपुर चीनी मिल लिमिटेड की कुंभी इकाई के किसान भवन सभागार में हुआ, जहाँ श्रमिकों के लिए आरोग्य स्वास्थ्य शिविर, हितलाभ वितरण और संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

समारोह के दौरान राजधानी लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग दिखाई गई। मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी वचनों को सुनकर श्रमिक उत्साहित नजर आए। कार्यक्रम का सफल संयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता और सहायक श्रमायुक्त मयंक सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक अमन गिरी, डीएम अंजनी कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता और मिल के अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

विधायक एवं डीएम ने दी सौगात

विधायक अमन गिरी ने श्रमिकों को राष्ट्र का आधार बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में खीरी औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि कुंभी में बन रहा दुनिया का पहला इंटीग्रेटेड बायोप्लास्टिक (PLA) प्लांट और इंडस्ट्रियल पार्क क्षेत्र में रोजगार के द्वार खोलेंगे।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि और उद्योग की समृद्धि श्रमिकों के पसीने की नींव पर टिकी है। उन्होंने प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि 'अटल आवासीय विद्यालय' जैसी योजनाएं श्रमिक कल्याण की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही हैं।

हितलाभ वितरण और आर्थिक सहायता

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में विधायक और डीएम ने निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के तहत 11 आश्रितों को 2-2 लाख रुपये की एफडी और 25-25 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की। साथ ही, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत 5 लाभार्थियों को 31-31 हजार रुपये के चेक सौंपे गए।

श्रमिक आरोग्य मेला: नि:शुल्क जांच व दवाएं

श्रमिकों के स्वास्थ्य को समर्पित आरोग्य मेले में विशेषज्ञों की टीम ने सैंकड़ों श्रमिकों का परीक्षण किया। डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार और एमओआईसी डॉ. गणेश के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बाल रोग, स्त्री रोग और फिजिशियन सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर में न केवल नि:शुल्क दवाएं बांटी गईं, बल्कि आयुष्मान कार्ड बनाने, टीबी जांच और टीकाकरण की सुविधा भी प्रदान की गई।

कुंभी के साथ-साथ खंभारखेड़ा शुगर मिल और विम्बा इंडस्ट्रीज में भी स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से श्रमिकों के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव