चंबल मिशन कार्यक्रम : 1857 के संग्राम के उपेक्षित नायकों को लेकर चल रहा जागरूकता अभियान

 


औरैया, 07 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश में चंबल फाउंडेशन द्वारा संचालित चंबल मिशन अभियान के तहत चंबल अंचल में 1857 के वीर क्रांतिकारी जीता चमार, जंगली-मंगली मेहतर और मारून सिंह लोधी जैसे उपेक्षित महानायकों को इतिहास में उचित स्थान दिलाने की मांग तेज हो गई है। इस अभियान के अंतर्गत गांव-गांव जनचौपाल आयोजित कर लोगों को इन गुमनाम क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराया जा रहा है।

चंबल परिवार का कहना है कि नई पीढ़ी को अपने क्षेत्र के वीरों के इतिहास और बलिदान से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इसी क्रम में जनचौपालों के माध्यम से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें कागज और कपड़े दोनों पर लोगों से समर्थन लिया जा रहा है। अभियान को लेकर ग्रामीणों और युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। अभियान के समापन के बाद व्यापक जनसमर्थन से तैयार ज्ञापन सरकार को सौंपा जाएगा।

औरैया और इटावा जनपद के चौरेला, हुकुमपुरा, बेनीपुरा, बंसरी, रौरा का पुरा, लुहिया खुर्द, रेलवे कॉलोनी, रमी का वर, बहादुरपुर लोहिया, भीखेपुर, बाबरपुर, शेरपुर कोठी, जगम्मनपुर, गढ़िया मुलू सिंह, राजपुर, अयारा, झम्मनपुर, बादरीपूठ, बनकटी खुर्द, शिवराजपुर और हरनाथपुर सहित कई गांवों में सघन जनसंपर्क और जनचौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार