होमगार्ड भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन, पहली पाली में 4,224 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
देवरिया, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जनपद में उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा का दूसरा दिन रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित पहली पाली में करीब 4,224 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है। प्रशासन ने नकल विहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए, जिससे पूरे दिन केंद्रों पर अनुशासन और सतर्कता का माहौल बना रहा।
देवरिया में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को जिला प्रशासन की सख्ती और मुस्तैदी साफ दिखाई दी। सुबह की पाली निर्धारित समय के अनुसार शुरू हुई, जिसमें हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया। परीक्षा 27 अप्रैल को भी जारी रहेगी। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और नकल विहीन बनाने के लिए कई स्तरों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक पाली में 409 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रश्नपत्रों को सुरक्षित तरीके से केंद्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सौंपी गई थी। बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पेयजल और प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था सुनिश्चित की।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक