जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय में 15 लोगों ने किया रक्तदान

 


फर्रुखाबाद, 5सितंबर (हि.स.)।

फतेहगढ़ स्थित जिला कमांडेंट होमगार्ड कार्यालय में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 15 यूनिट रक्तदान किया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। रक्त की आवश्यकता किसी भी मरीज को उपचार के दौरान पड़ सकती है। दुर्घटना में घायल मरीजों, गंभीर रूप से बीमार मरीजों, प्रसव के दौरान अधिक रक्तस्राव होने वाली महिलाओं तथा अन्य जरूरतमंद मरीजों के उपचार में समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में रक्तदान के माध्यम से उपलब्ध कराया गया रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।

उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरत के समय किसी दूसरे व्यक्ति के उपचार में उपयोगी साबित होता है। इसलिए स्वस्थ एवं पात्र लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए और अपने आसपास के लोगों को भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। नियमित रक्तदान शिविरों के आयोजन से रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलती है और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने रक्तदान शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास समाज में मानवता और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के उपरांत सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया तथा रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व और इसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को मिलने वाली सहायता के संबंध में जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर