यूपी में 1500 से अधिक नौकरियां देगा Homebazar.com, लखनऊ में नए कार्यालय का डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया उद्घाटन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में निजी क्षेत्र के रोजगार को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। रियल एस्टेट मार्केटिंग कंपनी Homebazar.com ने प्रदेश में डेढ़ हजार से अधिक युवाओं को रोजगार देने की घोषणा की है। इसी क्रम में कंपनी ने शुक्रवार को लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में अपने नए और विस्तृत कार्यालय का शुभारंभ किया। कार्यालय का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज निवेश और उद्योगों के लिए सबसे पसंदीदा राज्यों में शामिल हो चुका है, जिसके चलते रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं।
'रियल एस्टेट विकास का मजबूत इंजन'
उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है। नई औद्योगिक नीतियों और बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण देश-विदेश की कंपनियां प्रदेश में निवेश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि रियल एस्टेट आज सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक है और यह प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से बड़ी संख्या में रोजगार सृजित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश जल्द ही देश का सर्वोत्तम निवेश गंतव्य बनेगा।
पारदर्शी और तकनीक आधारित कार्यप्रणाली की सराहना
कार्यक्रम में मौजूद उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह वत्स ने Homebazar.com की अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से ग्राहकों का भरोसा बढ़ता है और रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता को नई मजबूती मिलती है।
कंपनी ने उत्तर प्रदेश को बनाया विस्तार का प्रमुख केंद्र
Homebazar.com के निदेशक सुशांत बासरे और उत्तर प्रदेश के प्रभारी प्रशांत सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कंपनी उत्तर प्रदेश में अपने कारोबार का तेजी से विस्तार कर रही है। नए कार्यालय के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
13 वर्षों में देश की अग्रणी कंपनियों में बनाई पहचान
करीब 13 वर्ष पहले शुरू हुई Homebazar.com आज देश की अग्रणी रियल एस्टेट मार्केटिंग कंपनियों में शुमार है। कंपनी का मुख्यालय नवी मुंबई में है। ठाणे, बेंगलुरु, नोएडा, गुरुग्राम और लखनऊ समेत कई प्रमुख शहरों में यह विश्वसनीय बिल्डरों की आवासीय परियोजनाओं की मार्केटिंग का कार्य बड़े स्तर पर कर रही है। लखनऊ में नए कार्यालय की शुरुआत को कंपनी के उत्तर भारत में विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।