फर्रुखाबाद: होमगार्ड परीक्षा केन्द्रों में लगेंगे मेडिकल कैम्प
फर्रुखाबाद, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में नवागत जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने 25, 26 एवं 27 अप्रैल को आयोजित होने वाली उप्र होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियों की मंगलवार को समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए क्लॉक रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन पर हेल्प सेंटर स्थापित किए जाएं, जिससे बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन मिल सके।
उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर मेडिकल कैम्प स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि ओआरएस एवं जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), समस्त उपजिलाधिकारी एवं परीक्षा से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar