होमगार्ड इनरोलमेंट-2026: एसपी ने डीवी-पीएसटी प्रक्रिया का किया निरीक्षण
देवरिया, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस होमगार्ड इनरोलमेंट-2026 के तहत देवरिया पुलिस लाइन में सोमवार से शुरू हुई अभिलेख सत्यापन (डीवी) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) प्रक्रिया का पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए।
पुलिस लाइन प्रेक्षागृह में आयोजित डीवी एवं पीएसटी प्रक्रिया 13 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक चलेगी। इस दौरान कुल 1,192 अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण किया जाएगा। देवरिया पुलिस के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम के तहत आगामी 7 अगस्त तक प्रतिदिन अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण कराया जाएगा। पूरी प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए पुलिस लाइन में आवश्यक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक