झोपड़ी में लगी आग,5 वर्षीय बालिका जिंदा जली, दादी झुलसी

 


फर्रुखाबाद,26 मई (हि.स.)। कंपिल थाना क्षेत्र के गांव कमरुद्दीन नगर निवासी उर्वेश की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई । बताया गया कि उर्वेश अपनी दो जुड़वा पुत्रियों कुसुमप्रिया व रूद्र प्रिया एवं पत्नी सरिता , चाची जदुरानी के साथ मंगलवार को दोपहर में झोपड़ी में ही सो रहे थे । झोपड़ी में पीछे से अज्ञात कारणों से लग गई । जब तक उर्वेश कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया । तेज हवाओं के चलने के कारण आग की तेज लपटें उठने लगीं और झोपड़ी धू - धू कर जलने लगी । जैसे-तैसे उर्वेश उनकी पत्नी सरिता ,पुत्री रूद्र प्रिया व अन्य बच्चे बाहर निकल पाए ।

बताया गया कि निकालने के दौरान कुसुम प्रिया गिर गई ,जिन्हें निकालने के लिए उर्वेश की दादी जदुरानी ने जद्दोजहद की लेकिन जदुरानी आग में झुलस गई और कुसुमप्रिया को बाहर नहीं खींच पाई ,जिससे झोपड़ी में ही जिंदा जलकर मौत हुई । हालांकि इस अग्निकांड में उर्वेश की 9 हजार की नगदी,8 बोरी गेहूं,सोने चांदी के जेवरात,चारपाई , कपड़ा -गद्दा बर्तन आदि गृहस्थी जलकर राख हो गई । आग लगने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई । ग्रामीणों ने समरसेबल का हैंड पंप चलाकर आग पर पानी डाला तब आग बुझ पाई । कुसुम प्रिया को बचाने में झुलसी दादी जबरानी को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया । जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टर अमित ने प्राथमिक उपचार के बाद लाेहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया । ग्राम प्रधान नीरज गौतम ने बताया कि उर्वेश अपने परिवार के साथ झोपड़ी में दोपहर में सोए हुए थे तभी अज्ञात कारणों से झोपड़ी में आग लग गई । उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड को भी फोन किया गया था , लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची । तब तक आग ग्रामीणों ने बुझा ली थी । मौके पर कंपिल थाना पुलिस ने भी पहुंच कर जांच-पड़ताल की है । सीओ राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar