हमें अपनी संस्कृति से जोड़ती हैं हमारी परम्पराएं : स्वांत रंजन

 


“परम्पराएँ हमें अपनी संस्कृति से जोड़ती हैं” — स्वांत रंजन

लखनऊ, 01 मार्च (हि.स.)।

प्रेरणा परिवार की ओर से बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी, लखनऊ में रविवार को भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांतरंजन ने

अपने उद्बोधन में कहा कि हमारी परम्पराएँ हमें अपनी संस्कृति से जोड़ती हैं। भारत की संस्कृति मूल्य आधारित संस्कृति है, जिसे हम अपने जीवन में धारण करते हैं। होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव, प्रेम और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। भक्त प्रह्लाद के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें अपने जीवन में सत्य और आस्था के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलकर ही हम एक सशक्त और संस्कारित भारत का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने कामना की कि भारत की धर्मध्वजा सदैव ऊँची लहराती रहे और समाज में एकता व समरसता का वातावरण बना रहे।

कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध लोक गायिका ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। ब्रज, अवध, बुंदेलखंड तथा उत्तराखंड के कुमाऊं एवं गढ़वाल अंचल की पारंपरिक होली पर आधारित लोक कलाओं की रंगारंग प्रस्तुतियों ने समारोह को सांस्कृतिक वैभव से भर दिया।

प्रेरणा परिवार के अध्यक्ष गुंजीत कालरा ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का पुनर्जीवन और युवा पीढ़ी को सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है। अब तक संस्था द्वारा आठ सफल आयोजन किए जा चुके हैं, जिनमें यह होली मिलन का तीसरा उत्सव था।

समारोह में अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से राज्य के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संघ के पदाधिकारी शामिल रहे। उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं और सौहार्दपूर्ण वातावरण में रंगोत्सव का आनंद लिया।

इस अवसर पर प्रेरणा परिवार परिवार के जतिन वर्मा (मार्गदर्शक), गुंजीत कालरा (अध्यक्ष), अक्षय खोसला (उपाध्यक्ष), विरजसागर दास (उपाध्यक्ष), यशवर्धन अग्रवाल (उपाध्यक्ष), शरद जैन (कोषाध्यक्ष), अभिनव भार्गव (सदस्य), पीयूष सिंह (संयुक्त सचिव), गुंजन जैन (सदस्य), शांतनु सिंह (सदस्य), अंकित साहनी (सदस्य), अभिनव भार्गव आयोजन में शामिल रहे।

अखिल भारतीय सह गौसेवा प्रमुख नवल-किशोर , क्षेत्र प्रचारक अनिल , प्रांत प्रचारक कौशल , कृषि मंत्री सूर्य प्रताप , मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह , असीम अरुण , वरिष्ठ प्रचारक वीरेन्द्र सिंह, क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष , विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र संघटन मंत्री गजेंद्र प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने होली की शुभकामनाएं दीं और एक दूसरे के साथ रंगों के त्योहार का आनन्द लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन