जरूरतमंद बच्चों को रंग-पिचकारी देकर बांटी होली की खुशियां
औरैया, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में एक विचित्र सेवा समिति द्वारा बीते वर्षों की भांति इस वर्ष भी समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) के नेतृत्व में होली पर्व के अवसर पर रविवार को प्रातः 9 बजे समिति के ग्रामीण कार्यालय धीरजपुर में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र की छिपी हुई प्रतिभाओं द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दी गईं तथा एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली का उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर समिति की ओर से लोहा पीटो समुदाय एवं अन्य जरूरतमंद ग्रामीण बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हुए उन्हें पिचकारी, रंग, मिठाई, नमकीन एवं अन्य खाद्य सामग्री वितरित की गई।
समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता ने बताया कि मौजूदा महंगाई के दौर में लोग प्रमुख त्योहारों को प्रायः अपने परिवार तक सीमित कर लेते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अनेक परिवार ऐसे हैं, जिन्हें पारंपरिक त्योहारों की पूर्ण जानकारी और उत्सव मनाने का अवसर भी नहीं मिल पाता। दैनिक मजदूरी कर जीवन-यापन करने वाले इन परिवारों के बच्चे प्रायः त्योहारों की खुशियों से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों को जरूरतमंद लोगों एवं बच्चों के साथ खुशियां बांटकर आत्मिक संतोष एवं अपार आनंद की अनुभूति होती है। सर्व समाज की गरीब कन्याओं के विवाह में यथासंभव सहयोग तथा वास्तविक जरूरतमंदों की सेवा का कार्य समिति द्वारा आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से हिमांशु दुबे, सतीश पोरवाल, शिवानी, सृष्टि, सौम्या, गौरव, पायल, अवनी, आरुषि, दिव्या, सिमरन सहित लगभग आधा सैकड़ा जरूरतमंद बच्चे उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार