होली पर्व काे श्रीकृष्ण ने इसे प्रेम से जोड़ा: ब्रजेश पाठक
कानपुर, 08 मार्च (हि.स.)। होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि प्रेम, समरसता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने इस पर्व को प्रेम से जोड़कर समाज को जोड़ने का संदेश दिया है, जबकि मर्यादा और आदर्श की बात आती है तो भगवान श्रीराम का नाम सामने आता है।
यह बातें रविवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहीं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कानपुर विभाग की ओर से रविवार को आजाद नगर स्थित वीएसएसडी कॉलेज मैदान में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान नरसिंह और भक्त प्रह्लाद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।
समारोह में लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को समर्पित करते हुए राधा रानी से जुड़े होली गीत प्रस्तुत किए। इसके अलावा वंदना मिश्रा ने होली खेलें रघुवीरा..., जोगी तारा रा रा..., बम बम भोले जैसे गीत और भजन प्रस्तुत कर माहौल को होली के रंग में रंग दिया। वहीं बालिका सान्वी सिंह ने आज बृज में होली है रसिया… गीत पर नृत्य प्रस्तुति दी।
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भक्त प्रह्लाद की पुकार पर भगवान नरसिंह प्रकट हुए थे, जिसके बाद होलिका दहन की परंपरा शुरू हुई। समय के साथ भगवान श्रीकृष्ण ने होली को प्रेम और उल्लास से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में भगवान श्रीराम मर्यादा और आदर्श के प्रतीक हैं। माता सीता, भाई लक्ष्मण और भरत जैसे संबंध समाज के लिए प्रेरणा हैं। श्रीराम ने अनेक संकटों से गुजरकर मर्यादा पुरुषोत्तम का स्थान प्राप्त किया, जबकि भगवान श्रीकृष्ण ने बचपन से ही पूतना वध जैसे प्रसंगों के साथ संघर्ष का मार्ग अपनाया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ऐसे लोगों का संगठन है जो निजी जीवन की सुविधाओं से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करते हैं। कार्यक्रम में संघ के प्रांत प्रचारक श्रीराम ने कहा कि संघ के 100 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और होली समरसता का पर्व है, जो समाज को जोड़ने का काम करता है। इसी भावना के साथ होली मिलन समारोह आयोजित किया गया है।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने पुष्पों से होली खेलकर एक-दूसरे को इस पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथि परिचय गौरांग ने कराया। इस दौरान प्रांत संघचालक भवानी भीख, प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. अनुपम, विभाग संघचालक डॉ. श्याम बाबू गुप्ता, प्रांत व्यवस्था प्रमुख विकास, सह विभाग कार्यवाह अंकुर दीक्षित, विभाग प्रचारक बैरिस्टर, विश्व संवाद केंद्र प्रमुख सारांश कनौजिया, सांसद देवेंद्र सिंह भोले, विधायक महेश त्रिवेदी, मेयर प्रमिला पांडेय सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप