देवरिया में उत्साह के साथ मनाया गया ‘हिंदू साम्राज्य उत्सव दिवस’, शिवाजी महाराज के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
देवरिया, 27 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) देवरिया नगर के तत्वावधान में शनिवार को सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में ‘हिंदू साम्राज्य उत्सव दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की स्मृति में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों एवं नगरवासियों ने भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक गौरव का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने शिवाजी महाराज के शौर्य, राष्ट्रभक्ति, संगठन क्षमता और आदर्श शासन व्यवस्था को स्मरण करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता दीपेंद्र ने अपने संबोधन में कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक थे, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस, रणनीति और अद्वितीय नेतृत्व क्षमता के बल पर हिंदवी स्वराज की स्थापना की। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन स्वाभिमान, अनुशासन, संस्कृति संरक्षण और राष्ट्र सेवा का प्रेरणास्रोत है। आज की युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों को अपनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
वक्ताओं ने शिवाजी महाराज की जनकल्याणकारी नीतियों, कुशल प्रशासन और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने समाज में एकता, सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के देवरिया नगर कार्यवाह एवं कार्यक्रम के निवेदक मुकुंद माधव ने कहा कि हिंदू साम्राज्य उत्सव दिवस केवल ऐतिहासिक घटना का स्मरण नहीं, बल्कि समाज को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने का अवसर है। उन्होंने कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला संघचालक मकसूदन, अवनीश , राम समझ , विष्णु, राम प्रवेश, राजेश, राजेश मिश्र, नितेश , विकास, विनय , आदित्य , वाचस्पति , महेश्वर , मनीष, आदिदेव , अनुपम, जयशंकर सहित संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक