सड़क पर नमाज पढ़ने की नहीं होगी अनुमति
हाथरस, 22 मई (हि.स.)। अगले हफ्ते मनाए जाने वाले बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए शुक्रवार शाम को सादाबाद कोतवाली परिसर में हिंदू-मुस्लिम समाज की शांति समिति बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईद की नमाज, कुर्बानी व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस क्षेत्राधिकारी एएन अस्थाना ने की। उन्होंने उपस्थित लोगों से परिचय प्राप्त किया और कहा कि त्योहारों को आपसी भाईचारे तथा कानून व्यवस्था के दायरे में रहकर मनाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि शासन की गाइडलाइन का सभी को पालन करना होगा। ईद की नमाज ईदगाह परिसर में अदा की जाएगी, लेकिन किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। सड़क यातायात के लिए पूरी तरह खुली रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि कुर्बानी केवल घरों के अंदर ही की जाएगी। सार्वजनिक स्थान, सड़क, रास्तों अथवा खुले क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की कुर्बानी करने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई व्यक्ति सड़क पर कुर्बानी करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद हिंदू एवं मुस्लिम समाज के लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की बात कही। इस दौरान पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चौधरी भजुद्दीन, भाजपा नेता सुनील गौतम, अनिल पाराशर उर्फ डब्बू, बबलू गौतम, मोहम्मद चांद सभासद सहित हिंदू-मुस्लिम समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना