बीज मसाले की फसल से किसानों को अधिक लाभ : डॉ. संजीव कुमार सिंह

 


कानपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। बीज मसाले की फसल से इस क्षेत्र के किसानों को अधिक लाभ प्राप्त हो सकता है, क्योंकि इनकी लागत कम है और उत्पादन अधिक है। समय पर बुवाई और उचित कीट प्रबंधन से फसल की गुणवत्ता बढ़ाई जा सकती है। यह बातें मंगलवार को मसाला वैज्ञानिक डॉ. संजीव कुमार सिंह ने पतारा विकासखंड के पतारा गांव में आयोजित एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण के दौरान कही।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के शाकभाजी विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को मसाला उत्पादन की आधुनिक तकनीकों, बीज मसाले की फसल प्रबंधन, समय पर बुवाई और कीट प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। डॉ. आईएन शुक्ला ने मसाला फसलों के बेहतर प्रबंधन पर विशेष जानकारी दी। डॉ. राजीव कुमार पाल ने बताया कि यह परियोजना मसाला निदेशालय, कालीकट, केरल द्वारा वित्त पोषित है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रगतिशील कृषक ओम प्रकाश ने की। इस प्रशिक्षण में गांव के 75 से अधिक कृषक सक्रिय रूप से शामिल हुए और उन्होंने अपने अनुभव साझा किए। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए आयोजकों का धन्यवाद किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप