डीडीयू में बनी हाईटेक ड्रोन लैब का 29 मार्च को होगा उद्घाटन
गोरखपुर, 22 मार्च (हि.स.)। गोरखपुर जिले के दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय में तकनीकी नवाचार को नई उड़ान देने के लिए बीटेक विभाग में अत्याधुनिक ड्रोन लैब स्थापित की जा रही है। इसका उद्घाटन 29 मार्च 2026 को कुलपति प्रो. पूनम टंडन करेंगी।
कुलपति ने बताया कि यह लैब छात्रों को ड्रोन तकनीक और एयरोस्पेस क्षेत्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण देगी, जिससे वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होंगे।
यह पहल भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के एक प्रमुख चैलेंज प्रोजेक्ट से प्रेरित है, जिसमें बीटेक छात्र यश राय और पूर्व छात्र प्रांजल पांडेय कार्यरत हैं।
इस प्रोजेक्ट का मार्गदर्शन “ड्रोन मैन ऑफ इंडिया” राहुल सिंह कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे नवाचार और शोध को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि यह लैब भविष्य में प्रशिक्षण, रिसर्च और इंडस्ट्री-ओरिएंटेड प्रोजेक्ट्स का प्रमुख केंद्र बनेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय