हाईटेक कैमरों की निगरानी में 2 साल में 60 हजार वाहनों का चालान, 27 चौराहों पर लगी 94 तीसरी आंख

 




जौनपुर,23 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए लगाए गए हाईटेक सीसीटीवी कैमरे प्रभावी साबित हो रहे हैं। 15 मार्च 2024 से शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत अब तक करीब 60 हजार वाहनों का ऑनलाइन चालान किया जा चुका है। शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे कैमरे बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर स्वतः चालान कर रहे हैं।जिले के 27 प्रमुख चौराहों पर कुल 94 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें से 15 कैमरे वर्तमान में खराब हैं। वहीं शहर के जसीज चौराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा, सिपाह, बाजिदपुर तिराहा और पचहटिया तिराहा जैसे पांच प्रमुख स्थानों पर 25 हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें सीधे यातायात पुलिस के कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है।इन कैमरों के जरिए प्रतिदिन 100 से 110 वाहनों का ऑनलाइन चालान किया जा रहा है। कैमरे बिना हेलमेट दोपहिया चलाने, तीन सवारी बैठाने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने और अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा करने जैसे नियम उल्लंघनों को रिकॉर्ड कर स्वतः ई-चालान जारी करते हैं।यातायात पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा अभियान चलाकर लोगों को नियमों के पालन के लिए जागरूक भी कर रही है, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे में कैमरा आधारित निगरानी व्यवस्था से नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।इस संबंध में गुरुवार को यातायात निरीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि जिन चौराहों पर सबसे अधिक वाहनों की आवाजाही रहती है, वहीं हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं। सभी कैमरे यातायात पुलिस कार्यालय से जुड़े हैं, जिससे नियम उल्लंघन होते ही तत्काल ऑनलाइन चालान किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि यह तकनीक केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध नियंत्रण में भी मददगार साबित हो रही है। किसी घटना के बाद यदि अपराधी इन मार्गों से फरार होता है तो कैमरों में कैद वाहन के नंबर के आधार पर उसकी पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव