हेल्पर की सदिग्ध परिस्थितियों में ट्रक केबिन में हुई मौत

 


हेल्पर की सदिग्ध परिस्थितियों में ट्रक केबिन में हुई मौत

औरैया, 12 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कोतवाली अजीतमल क्षेत्र के गांव बिलावा में ट्रक की केबिन के अंदर एक हेल्पर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

मृतक की पहचान विनोद (55) पुत्र पन्नालाल निवासी तारगांव, थाना रूरा, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई है। वह ट्रक पर हेल्पर के रूप में कार्य करता था। घटना की सूचना ट्रक चालक अंकुर पुत्र दयाराम निवासी बिलावा, कोतवाली अजीतमल ने पुलिस को दी।

चालक अंकुर ने पुलिस को बताया कि वह गुरुवार शाम ट्रक लेकर अपने गांव बिलावा आया था। देर रात हेल्पर विनोद की तबीयत अचानक खराब हो गई और उसके पेट में तेज दर्द होने लगा। इसके बाद वह उसे एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए ले गया, जहां दवा दिलाने के बाद विनोद को ट्रक की केबिन में आराम करने के लिए छोड़ दिया गया। चालक स्वयं अपने घर सोने चला गया।

चालक के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तक जब विनोद ट्रक से बाहर नहीं निकला तो उसे चिंता हुई। वह ट्रक की केबिन में पहुंचा, जहां विनोद अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद तत्काल कोतवाली अजीतमल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

कोतवाल रमेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बीमारी के चलते हेल्पर की मौत का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। ड्राइवर अंकुर द्वारा दी गई प्रथम सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार