कोचिंग संस्थानों की समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क बनेगी : अरुण पाठक
कानपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण, संचालन और सुरक्षा मानकों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का पालन सुनिश्चित करते हुए कोचिंग संस्थानों का संचालन भी सुचारु रूप से चलता रहे, इसके लिए हेल्प डेस्क का गठन किया गया है। यह बातें बुधवार को विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने केडीए सभागार में आयोजित बैठक में कहीं।
बैठक में हाल की अग्निकांड की घटनाओं के बाद कोचिंग संस्थानों की सीलिंग, पंजीकरण और संचालन में आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की सहभागिता से एक हेल्प डेस्क गठित करने का निर्णय लिया गया, जिससे कोचिंग संचालकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। अग्नि सुरक्षा सहित सभी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ यह भी तय किया गया कि नियमों के अनुपालन के दौरान कोचिंग संस्थानों के संचालन में अनावश्यक व्यवधान न हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न होने पाए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग और कोचिंग एसोसिएशन आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।
बैठक में केडीए उपाध्यक्ष, केडीए सचिव, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा कानपुर कोचिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष सतेंद्र कटियार, संदीप तिवारी, रिंकू राठौर, रामजी शुक्ला, मोहित सहित अन्य कोचिंग संचालक मौजूद रहे।
बैठक के अंत में कानपुर कोचिंग एसोसिएशन ने एमएलसी अरुण पाठक एवं उपस्थित अधिकारियों के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप