मुरादाबाद : मनोना धाम में रेलवे हेल्प डेस्क स्थापित

 




मुरादाबाद रेल मंडल के आँवला स्टेशन के निकट स्थित प्रसिद्ध मनोना धाम प्रतिदिन लगभग 5,000 श्रद्धालुओं का होता है आगमन

मुरादाबाद, 06 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने रविवार को बताया कि मुरादाबाद रेल मंडल के आँवला स्टेशन के निकट स्थित प्रसिद्ध मनोना धाम (खाटू श्याम) में रेलवे की ओर से हेल्प डेस्क स्थापित की गई। इससे रेल वन ऐप के प्रचार-प्रसार एवं डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा मिलेगा।

सीनियर डीसीएम महेश यादव ने आगे बताया कि आज विशेष जागरूकता अभियान के तहत मनोना धाम में हेल्प देश के स्थापित की गई है। मनोना धाम में प्रतिदिन लगभग 5,000 श्रद्धालुओं के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए रेलवे की टीम द्वारा हेल्प डेस्क स्थापित कर श्रद्धालुओं को रेल वन ऐप (RailOne App) की विभिन्न सुविधाओं, विशेष रूप से डिजिटल रेल टिकट बुकिंग, के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के अनुसार अभियान के दौरान लगभग 150 श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन में रेल वन ऐप डाउनलोड कराया गया तथा लगभग 50 रेल टिकटों की बुकिंग इस ऐप के माध्यम से कराई गई। इस अवसर पर मनोना धाम के महंत महाराज औमेंद्र चौहान से रेलवे की डिजिटल सेवाओं के प्रचार-प्रसार एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के संबंध में वार्ता की गई। महंत महाराज द्वारा धाम परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे हेल्प डेस्क काउंटर स्थापित कराने में सहयोग प्रदान करने पर सहमति व्यक्त की गई।

महंत महाराज के सहयोग से धाम परिसर में प्रस्तावित रेलवे हेल्प डेस्क के संचालन हेतु संबंधित स्टाफ को रेलवे की टीम द्वारा रेल वन ऐप के माध्यम से टिकट बुकिंग एवं अन्य डिजिटल रेलवे सेवाओं के उपयोग का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, साथ ही श्रद्धालुओं को इस ऐप के प्रति जागरूक करने तथा इसके अधिकाधिक उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए रेलवे की ओर से प्रचारात्मक फ्लेक्स एवं पोस्टर भी स्थापित किए गए।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल