भारी बारिश के चलते जौनपुर में 19 अगस्त काे कक्षा एक से आठ तक के विद्यालय बंद रहेंगे
जौनपुर,18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जाैनपुर जिले में दो दिन से लगातार हो रही अत्यधिक बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर 19 अगस्त (बुद्धवार) को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर कुमार ने मंगलवार काे जारी अपने बयान में बताया कि यह अवकाश बेसिक शिक्षा परिषद एवं परिषदीय विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड, मान्यता प्राप्त मदरसों, सहायता प्राप्त विद्यालयों तथा इंटरमीडिएट स्तर तक संचालित विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों पर लागू होगा।
लगातार बारिश के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में छोटे बच्चों को विद्यालय आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानी और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि 19 अगस्त को कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय में शिक्षण कार्य संचालित न किया जाए।प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव