रायबरेली में सात घंटे से हो रही बारिश से कई जगह सड़कें धंसी, आकाशीय बिजली गिरने से ग्रामीण की मौत

 




रायबरेली, 31 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद रायबरेली में साेमवार की सुबह से हो रही बारिश जिले भर में जगह-जगह जल भराव हाे गया। कई जगह मकान गिर गए हैं व आकाशीय बिजली से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई है। प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।

रायबरेली जिले के डीह डीह थाना क्षेत्र के पूरे काली मजरे रोखा निवासी भोला सोमवार सुबह शौच के लिए घर से निकला था। वह डीह रजबहा के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। उसकी चपेट में आने से भोला गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेने के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

इसके अलावा बारिश से लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर ओवरब्रिज के पास की सड़क धंसने से कई फीट गहरा गढ्ढा बन गया। डलमऊ तहसील में भी दुकनावा सम्पर्क मार्ग की करीब 8 किमी सड़क कई जगह से धंस गई है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इससे नाराज़ ग्रामीणों ने लोकनिर्माण विभाग के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया और सड़क निर्माण में घोटाले का आरोप लगाया है। कई क्षेत्राें में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई हैं। अपर जिलाधिकारी सिद्धार्थ ने बताया लगातार बारिश हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जल्द ही सभी को राहत राशि का वितरण कर दिया जाएगा। सभी को एलर्ट मोड पर किया गया है।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे