लखनऊ अग्निकांड के दिवंगत छात्र-छात्राओं को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
एक विचित्र पहल सेवा समिति ने शहीद पार्क में आयोजित की श्रद्धांजलि सभा
घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
औरैया, 23 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में दिवंगत छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों को श्रद्धांजलि देने के लिए मंगलवार शाम शहीद पार्क, औरैया में एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि. द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में उपस्थित लोगों ने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए दो मिनट का मौन रखकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा हादसे में घायल छात्र-छात्राओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि लखनऊ के अलीगंज सेक्टर-डी स्थित एक व्यावसायिक भवन में संचालित लाइब्रेरी एवं थ्री-डी एनीमेशन सेंटर में सोमवार दोपहर अचानक विद्युत शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई थी। हादसे के समय भवन में छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे तथा कर्मचारी कार्यरत थे। आग लगने के बाद कई लोग अंदर फंस गए और अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के प्रयास में कुछ छात्र ऊपर की मंजिल से नीचे भी कूद गए, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि कोचिंग सेंटर का प्रवेश द्वार थंब इंप्रेशन सिस्टम से संचालित होता था। आग लगने के दौरान ऑटोमेटिक लॉक नहीं खुल पाने से हादसा और भयावह हो गया। उन्होंने प्रदेश सरकार से मृतकों के परिजनों को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता तथा घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
श्रद्धांजलि सभा में समिति परिवार के सदस्यों ने दिवंगत छात्र-छात्राओं व कर्मचारियों को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू), संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता एडवोकेट, राम आसरे गुप्ता, लक्ष्मी बिश्नोई, सुनीला गुप्ता, मंगला शुक्ला, गुड्डन गुप्ता, एल.एन. गुप्ता, संजय अग्रवाल, राधा प्रजापति, आदित्य, प्रियांशु, देव, हिमांशु पाल, अभिनव, वेदांत त्रिपाठी, सूर्यांश चतुर्वेदी, हिमांशु दुबे, मीरा देवी, शिवानी दीक्षित, शारदा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार