स्वस्थ जीवनशैली ही सुखी जीवन का आधार : विजय कपूर
कानपुर, 16 मई (हि.स.)। दादा नगर कोआपरेटिव इस्टेट सभागार में ‘सन टू ह्यूमन फाउण्डेशन’ द्वारा संचालित ‘नये दृष्टिकोण वाला शिविर’ के अंतर्गत विशेष डेमो सेशन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली, सकारात्मक सोच और बेहतर स्वास्थ्य को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। चेयरमैन विजय कपूर ने कहा कि वर्तमान समय के मानसिक तनाव और भागदौड़ के बीच स्वस्थ जीवनशैली ही सफल एवं सुखी जीवन का असली आधार है।
दादा नगर स्थित कोआपरेटिव इस्टेट सभागार में शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्यमियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। शिविर का आयोजन कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर की प्रेरणा से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के लिए बेहतर जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर में मौजूद लोगों ने वक्ताओं द्वारा दी गई जानकारियों को बेहद उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में ललित अग्रवाल और मॉ मैत्री ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अनियमित दिनचर्या, तनाव और भागदौड़ भरी जिंदगी के कारण लोगों का स्वास्थ्य तेजी से प्रभावित हो रहा है। ऐसे में नियमित व्यायाम, सकारात्मक सोच, संतुलित भोजन और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर कई समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने लोगों को मानसिक रूप से मजबूत रहने और स्वस्थ आदतों को दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान वक्ताओं ने कुछ आसान और उपयोगी एक्सरसाइज का प्रदर्शन भी किया। उपस्थित लोगों को सही तरीके से व्यायाम करने का अभ्यास कराया गया और बताया गया कि नियमित रूप से छोटी-छोटी गतिविधियां अपनाकर भी शरीर को स्वस्थ रखा जा सकता है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने एक्सरसाइज सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।
चेयरमैन विजय कपूर ने कहा कि आज के समय में अधिकतर लोग तनाव और असंतुलित जीवनशैली के कारण विभिन्न बीमारियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘नये दृष्टिकोण वाला शिविर’ लोगों को बेहतर और स्वस्थ जीवन जीने की दिशा में प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम में सुरेश पुरी, कार्तिक कपूर, स्वदेश पचौरी, सन्तोष पिपरइया, प्रवीन विज, दिनेश कुशवाहा, श्याम बिजलानी, नरेश पंजाबी, सुभाष सिंह, प्रियंका सेठी, शिव कुमार प्रजापति, शिशिर चौरसिया, गुरविन्दर सिंह, अशोक जुनेजा, पंकज गुप्ता, निखिल खन्ना, राजेन्द्र गुप्ता और हर्ष तनेजा सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप