औरैया में योग 365 अभियान के तहत छात्रों को स्वास्थ्य व संस्कारों का संदेश

 


औरैया, 24 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया के योग वैलनेस सेंटर, राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय औरैया के तहत 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर शुक्रवार काे एडवेनट ट्यूटोरियल अकादमी में “योग 365 अभियान” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार सहित 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ जीवन में स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशन तथा जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. सुधांशु दीक्षित, आयुर्वेदिक यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार एवं प्रभारी परवीन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की निगरानी जिला कार्यक्रम प्रबंधक गौरव पांडे ने की।

कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक योगेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि जीवन में शिक्षा जितनी आवश्यक है, उतना ही स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों को नियमित रूप से योग और व्यायाम करने तथा उसे सही विधि से अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि बदलते परिवेश में अंग्रेजी माध्यम की ओर बढ़ते रुझान के बीच मातृभाषा हिंदी का सम्मान करना भी बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने चिंता जताई कि आज के समय में बच्चों में संस्कारों और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही बढ़ रही है, जिसे सुधारने की आवश्यकता है। अंत में योग प्रशिक्षक ने शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए कहा कि वे बच्चों के जीवन में माता-पिता के बाद संस्कारों की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं, इसलिए उनका स्वस्थ और जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार