डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की निगरानी तेज : डॉ. हरिदत्त नेमी

 


कानपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। डेंगू और संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी के साथ स्रोत नियंत्रण, फॉगिंग, लार्वानाशक छिड़काव और स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। लोगों को घरों के आसपास पानी जमा न होने देने और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। यह बातें शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने कहीं।

नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, सहायक मलेरिया अधिकारी भूपेंद्र सिंह, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक प्रशांत कुमार वर्मा, मलेरिया निरीक्षक मंजीत यादव समेत टीम ने डेंगू के मामले के बाद कुरसौली गांव में केस आधारित गतिविधियों का निरीक्षण किया। टीम ने घर-घर बुखार के मरीजों की जानकारी ली और लोगों को मच्छरों के प्रजनन स्थल खत्म करने के लिए जागरूक किया।

कुरसौली स्थित कंपोजिट विद्यालय में विद्यार्थियों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता, साफ पेयजल और ताजा भोजन के सेवन की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को पूरी आस्तीन की वर्दी पहनने की सलाह दी गई। बताया गया कि डेंगू फैलाने वाला मच्छर सामान्यतः दिन में काटता है।

बाढ़ प्रभावित बिधनू ब्लॉक के मर्दनपुर गांव में सीएचसी अधीक्षक डॉ. नीरज सचान के अनुसार रोजाना स्वास्थ्य शिविर और स्रोत नियंत्रण की कार्रवाई की जा रही है। लोगों को मच्छरों से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। नगर निगम के समन्वय से शाम के समय विशेष फॉगिंग कराने की भी व्यवस्था की जा रही है।

सरसौल के महोली गांव में सफाई और छिड़काव के साथ स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। 38 मरीजों की मलेरिया और डेंगू की जांच की गई, जिसमें किसी में मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई। पांच डेंगू संदिग्ध नमूने एसएसएच लैब भेजे गए। कल्याणपुर के करसौली गांव में 16 मरीजों की जांच की गई। यहां भी मलेरिया का कोई मामला नहीं मिला और पांच डेंगू नमूने जांच के लिए एसएसएच लैब भेजे गए।

ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, घरों के अंदर स्पेस स्प्रे और नालियों में लार्वानाशक दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों में स्रोत नियंत्रण के साथ एंटोमोलॉजिकल सर्वे और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, खुले शरीर पर प्राकृतिक मच्छररोधी क्रीम लगाने और शरीर को कपड़ों से ढककर रखने की अपील की है। स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए यूएचएम अस्पताल परेड कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2333810 और 9335301096 तथा नगर निगम कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2526004 और 0512-2526005 पर संपर्क किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप