अवैध क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा छापा, कई क्लीनिक सील, संचालकों में मची खलबली

 


हाथरस, 19 नवंबर (हि.स.)। जनपद में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। मुरसान, हाथरस जंक्शन, सादाबाद और सिकंदराराऊ क्षेत्र में अलग-अलग टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए क्लीनिकों के पंजीकरण और आवश्यक अभिलेखों की जांच की। इस दौरान कई क्लीनिक संचालक टीम को देखकर प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो गए, जबकि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कई क्लीनिकों को सील कर दिया गया और कुछ को नोटिस जारी किए गए।

मुरसान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने क्षेत्र में छह क्लीनिकों पर छापेमारी की। इनमें नई बस्ती स्थित डॉ. राय बंगाली, सब्जी मंडी स्थित डॉ. कमल प्रसाद सिंह और डॉ. डोरी लाल, रेलवे फाटक दर्शन हाथरस स्थित चौधरी क्लीनिक और शिव कुमार के प्रतिष्ठान शामिल रहे। टीम को देखकर संचालक मौके से चले गए, जिसके बाद प्रतिष्ठानों पर नोटिस चस्पा किए गए। वहीं डॉ. महेश कुमार का क्लीनिक खुला मिलने पर वैध पंजीकरण नहीं होने के कारण उसे सील कर दिया गया।हाथरस जंक्शन क्षेत्र के रामपुर में मंडलीय संयुक्त निदेशक के साथ डिप्टी सीएमओ डॉ. आलम की टीम ने डॉ. विनोद कुमार के क्लीनिक की जांच की। अपंजीकृत पाए जाने पर उसे सील कर दिया गया। वहीं एसीएमओ डॉ. माधुरी कुमार की टीम ने कृष्ण पैथोलॉजी को नोटिस जारी किया। नगला गडू में डॉ. संजीव का क्लीनिक बंद मिला।

सादाबाद क्षेत्र में डिप्टी सीएमओ डॉ. आरएन सिंह की टीम ने मेहरारा में दिगंबर सिंह और रवि कुमार के क्लीनिकों पर नोटिस चस्पा किए। मानिकपुर में दाऊजी और कवि डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक टीम को देखकर चले गए, जिसके बाद दोनों प्रतिष्ठानों पर नोटिस लगाए गए। सलेमपुर स्थित मेघ क्लीनिक पर आयुर्वेद का पंजीकरण मिला, जबकि राधिका क्लीनिक और ज्योति पैथोलॉजी के संचालक प्रतिष्ठान बंद कर चले गए।

सादाबाद में डॉ. एमए खान के प्रतिष्ठान पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई की। टीम को देखकर संचालक मौके से चला गया। इसके बाद टीम ने प्रतिष्ठान के आगे और पीछे दोनों दरवाजों को सील करते हुए सीजर मेमो तैयार कर चस्पा कर दिया। कुरसंडा के मुख्य बाजार स्थित डॉ. केशव के केके क्लीनिक पर अपंजीकृत चिकित्सा संचालन को लेकर नोटिस चस्पा किया गया। वहीं ग्लोबल पैथोलॉजी पंजीकृत मिली, लेकिन निरीक्षण के दौरान चिकित्सक मौजूद नहीं होने पर नोटिस जारी किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना