नियमित सावधानी से गंभीर बीमारियों से संभव है बचाव : वंदना पाठक
कानपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। परमहंस राम मंगल दास कन्या विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। एचपीवी वायरस से होने वाले सर्वाइकल कैंसर और एनीमिया पर जागरूकता दी गई। शिविर में छात्राओं की निःशुल्क जांच और दवा वितरण किया गया। विशेषज्ञों ने खानपान और दिनचर्या को लेकर सुझाव दिए। नियमित सावधानी से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। यह बातें सोमवार को डॉ वंदना पाठक ने कही
कानपुर नगर के सवायजपुर स्थित परमहंस राम मंगल दास कन्या विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में एनआईएमए स्थापना दिवस सप्ताह के समापन पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एचपीवी वायरस से होने वाले सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण जागरूकता और एनीमिया की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान धन्वंतरि के पूजन और केक काटकर की गई। इसके बाद 152 छात्राओं की हीमोग्लोबिन की निःशुल्क जांच की गई। छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में जानकारी दी गई और निःशुल्क दवा व खाद्य सामग्री का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर एनआईएमए वूमेन्स फोरम की सचिव आयुर्वेदाचार्य डॉ वंदना पाठक ने बताया कि गिलोय, हल्दी, आंवला, नीम, तुलसी, सहजन, गुड़हल और त्रिफला का नियमित सेवन स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। उन्होंने जंक फूड से परहेज, बच्चों को स्वर्ण प्राशन और दिनचर्या व ऋतुचर्या के पालन पर जोर दिया।
कार्यक्रम में एनआईएमए वूमेन्स फोरम की अध्यक्ष डॉ नीरजा, कोषाध्यक्ष डॉ प्रतिमा, डॉ अंजू मिश्रा और डॉ पूनम सिंह उपस्थित रहीं। जांच दल में विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ संदीप सिंह और डॉ मोहित शामिल रहे।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ संजीव द्विवेदी और डॉ संगीता भी मौजूद रहीं। सभी ने छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित जांच कराने की सलाह दी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप