प्रशिक्षण में जा रहे प्रधानाध्यापक की सड़क हादसे में मौत

 


अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, परिवार में मचा कोहराम

हमीरपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में जनगणना प्रशिक्षण में शामिल होने सुमेरपुर के पॉलिटेक्निक कॉलेज जा रहे इंचार्ज प्रधानाध्यापक की गुरुवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। कुंडौरा-नरायनपुर के बीच आदर्श ऑटो मोबाइल के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय के रमेड़ी मोहल्ला निवासी रामप्रकाश निषाद (57) अतरैया स्थित कंपोजिट विद्यालय में इंचार्ज प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। उनकी ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई गई थी। गुरुवार को वह बाइक से सुमेरपुर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित जनगणना प्रशिक्षण में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कुंडौरा-नरायनपुर के बीच अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल प्रधानाध्यापक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षक और परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रधानाध्यापक की अचानक मौत से शिक्षा विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में पत्नी रामजानकी और दो बेटे अमित राज व अजय कुमार हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि हादसे में प्रधानाध्यापक की मौत हो गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भे्जा गया है। वाहन चालक की तलाश कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा