गंभीर बीमारी से पीड़ित अधेड़ ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
औरैया, 04 फरवरी (हि. स.)। जिला मुख्यालय के पीछे स्थित थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में एक अधेड़ व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। गांव निवासी 55 वर्षीय नागेंद्र उर्फ गुड्डन ने अपने मुर्गी फार्म हाउस में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली।
परिजनों के अनुसार नागेंद्र उर्फ गुड्डन पिछले कई दिनों से गंभीर बीमारी से पीड़ित था, जिस कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहता था। बीमारी और मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया, ऐसा परिजनों का कहना है। मृतक के परिवार में दो पुत्र रोहित और मोहित हैं, जिनमें रोहित विवाहित है, जबकि उसकी दो पुत्रियां हैं जिनकी शादी हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी और बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस संबंध में जब थाना प्रभारी अजय कुमार से बुधवार काे जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस मामले की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है और न ही किसी स्वजन द्वारा थाने को अवगत कराया गया है।
फिलहाल पुलिस के पास कोई आधिकारिक शिकायत या सूचना दर्ज नहीं है। मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार